Search News

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एकेटीयू में योगाभ्यास, कुलपति के नेतृत्व में निकली साइकिल रैली

AKTU
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: June 21, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. जेपी पांडेय की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध संस्थानों के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित योग सत्र में योग प्रशिक्षक अंशु श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए। इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, शवासन सहित कई आसनों का अभ्यास कराया गया। वहीं मानसिक शांति एवं एकाग्रता के लिए कपालभाति, अनुलोम-विलोम समेत अन्य प्राणायाम भी किए गए। कार्यक्रम में कुलसचिव रीना सिंह, वित्त अधिकारी केशव सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र मौजूद रहे। योग सत्र के बाद पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कुलपति प्रो. जेपी पांडेय के निर्देशन में विश्वविद्यालय परिसर से आईईटी परिसर तक साइकिल यात्रा निकाली गई। इसमें विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भाग लेकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। 

इस अवसर पर विश्वविद्यालय में "मोदी-योगी-विकास संवाद" विषय पर युवा, किसान, महिला एवं एमएसएमई प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा भी आयोजित की गई। साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) एवं खादी उत्पादों को प्रोत्साहित करने संबंधी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ओडीओपी सेल लखनऊ के सहायक आयुक्त विमल सिंह ने उद्यमियों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता एवं विपणन सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार उद्यमियों को आर्थिक सहयोग के साथ-साथ बाजार उपलब्ध कराने के लिए भी विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रही है। इस दौरान एसोसिएट डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा, उप कुलसचिव डॉ. आयुष श्रीवास्तव, उप परीक्षा नियंत्रक नेहा श्रीवास्तव, सहायक कुल सचिव सुनील पांडेय, शिवम गुप्ता, रंजीत सिंह, प्रोग्रामर शुभी पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Breaking News:

Recent News: