कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को आईएसआई (ISI) के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद झारखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बासुकीनाथ धाम मंदिर एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। वर्ष 2023 में ज्योति मल्होत्रा बासुकीनाथ पहुंची थीं और मंदिर परिसर में वीडियो भी बनाई थी। इस वीडियो को उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर “ट्रैवल विद ज्योति” नाम से साझा किया था, जो अब जांच एजेंसियों के निशाने पर है।गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बासुकीनाथ धाम और बैद्यनाथ धाम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है। स्थानीय पुलिस के अनुसार मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ा दी गई है। जरमुंडी थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल ने बताया कि अब मंदिर में दिन-रात चौकसी के लिए पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ रात्रि प्रहरी की भी तैनाती की गई है। खुफिया एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि ज्योति मल्होत्रा ने मंदिर परिसर में वीडियो बनाकर किस उद्देश्य से साझा किया और क्या इसमें संवेदनशील जानकारियां शामिल हैं। वीडियो के माध्यम से क्षेत्रीय धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और भौगोलिक स्थिति को लेकर किसी तरह की जानकारी साझा की गई हो, इस आशंका पर भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद से ही "ट्रैवल विद ज्योति" चैनल पर बासुकीनाथ और देवघर यात्रा से जुड़ी वीडियो को लेकर लोगों में विशेष चर्चा है। फिलहाल, एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
