Search News

एक राष्ट्र, एक चुनाव से होगा देश का विकास: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान

चुनाव
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kanwhiz Times
  • Updated: April 30, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क।
 केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बुधवार को कहा कि अगर भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र और विश्व महाशक्ति बनाना है, तो देश और राज्यों में राजनीतिक स्थिरता आवश्यक है।

वे दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में आयोजित ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ दौड़ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। यह दौड़ डीयू के रग्बी स्टेडियम से शुरू होकर गेट नंबर 2 और छात्रा मार्ग होते हुए पूरे परिसर का चक्कर लगाकर स्टेडियम में संपन्न हुई।

प्रधान ने कहा कि डीयू का इतिहास रहा है कि देश में किसी भी नई पहल की शुरुआत या तो यहीं से होती है या इसके क्रियान्वयन में डीयू अग्रणी भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद 60 के दशक तक भारत में एक साथ चुनाव होते थे, लेकिन पिछले 50 वर्षों से यह सिलसिला टूटा हुआ है। बार-बार चुनाव होने से समय और संसाधनों की बर्बादी होती है, जिससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का प्रस्ताव रखा, जिसे लोकसभा में पारित किया गया और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की अध्यक्षता में परामर्श भी लिए गए।

उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि यह 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे मजबूत राष्ट्र बनाने की दिशा में एक संकल्प है।

कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बार-बार चुनाव से देश का राजस्व खर्च होता है और आचार संहिता लागू होने से विकास कार्यों पर असर पड़ता है।

डीयू के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि यह अप्रैल महीने में डीयू द्वारा आयोजित तीसरा कार्यक्रम है और विश्वविद्यालय इस जन आंदोलन में अहम भूमिका निभा रहा है।

इस मौके पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

Breaking News:

Recent News: