कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। केरल और महाराष्ट्र में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। कई ट्रेनें लेट हो गई हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर में आज आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। हालांकि, यहां कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भी आज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं गुजरात के कुछ हिस्सों में आज और कल हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। आम जनता को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट्स पर नजर बनाए रखें और सावधानी बरतें।
