कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
भारत में चाय सिर्फ एक ड्रिंक नहीं, बल्कि दिन की शुरुआत और अंत का हिस्सा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गलत समय पर चाय पीना आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है? आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉक्टर दीक्षा भावसार सावलिया के मुताबिक, चाय पीने का भी एक सही और गलत समय होता है। डॉ. दीक्षा के अनुसार खाली पेट चाय पीने से शरीर में कोर्टिसोल का स्तर बढ़ सकता है, जिससे सूजन, गैस और अल्सर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं रात में सोने से 8-10 घंटे पहले चाय पीना नींद में बाधा डाल सकता है और इससे एंग्जायटी व अनिद्रा की समस्या भी हो सकती है। इसके अलावा यदि आपको एसिडिटी की समस्या है, तो उस समय चाय से परहेज करना चाहिए क्योंकि चाय का एसिडिक नेचर हार्टबर्न बढ़ा सकता है। खाना खाने से ठीक पहले या बाद में चाय पीना भी शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण को प्रभावित करता है।विशेषज्ञ यह भी सलाह देती हैं कि आयरन सप्लीमेंट के साथ चाय नहीं पीनी चाहिए, क्योंकि इसमें मौजूद टैनिन आयरन के अवशोषण को रोकते हैं। इसलिए अगर आप भी दिनभर में कई बार चाय पीने के आदी हैं, तो एक बार यह जरूर जान लें कि कब चाय से दूरी बनाना आपकी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।
