कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ा ऑपरेशन चलाया है, जिसमें 30 से ज्यादा माओवादियों के मारे जाने की सूचना है। यह मुठभेड़ अबूझमाड़ के घने जंगलों में स्थित जाटलूर इलाके में बुधवार सुबह से जारी है। सुरक्षाबलों की ओर से डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव के जवान इस संयुक्त ऑपरेशन में शामिल हैं। नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार के अनुसार, माओवादियों के माड़ डिवीजन के बड़े कैडर की मौजूदगी की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने माओवादियों की एक बड़ी टीम को चारों ओर से घेर लिया। शुरुआती सूचना के अनुसार, 30 से अधिक नक्सली मारे गए हैं, हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है। इस कार्रवाई में एक जवान के शहीद होने की भी खबर है। घटना स्थल दुर्गम और घने जंगलों वाला क्षेत्र है, जहां माओवादियों की लंबे समय से सक्रियता रही है। ऑपरेशन अब भी जारी है और सुरक्षाबलों को इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद है ।
कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा के पास बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा के जंगलों में भी सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें 5 नक्सली मारे गए थे। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों ने इस पूरे क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया है। छत्तीसगढ़ में माओवादियों के खिलाफ यह सघन कार्रवाई राज्य में शांति बहाली और विकास के प्रयासों को बल देने के उद्देश्य से की जा रही है।
