कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक बड़ा रेल हादसा हुआ है। यह दुर्घटना मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर उस समय हुई जब अत्यधिक भीड़ के कारण एक लोकल ट्रेन से 8 यात्री नीचे गिर गए। बताया जा रहा है कि यह ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जा रही थी। हादसे में 3 यात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंच गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे और GRP अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और यात्रियों से जानकारी ली। ठाणे जीआरपी की वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अर्चना दुसाने ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अत्यधिक भीड़ के कारण यह हादसा हुआ और मामले की जांच की जा रही है। यह घटना मुंबई उपनगरीय रेलवे नेटवर्क में भीड़भाड़ की गंभीर समस्या को एक बार फिर उजागर करती है, जहां हर दिन लाखों लोग लोकल ट्रेनों से सफर करते हैं।