कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
हरियाणा के रोहतक जिले के महम कस्बे के गांव अजायब में एक मां द्वारा अपने दो महीने के मासूम बेटे की हत्या करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि झारखंड की रहने वाली प्रियंका ने अपने बेटे जैविक को पानी के टब में डुबोकर मार डाला और फिर खुद भी ऑलआउट पीकर आत्महत्या की कोशिश की। करीब डेढ़ साल पहले प्रियंका की शादी अजायब गांव के अमित से हुई थी। प्रियंका झारखंड लौटना चाहती थी, लेकिन पति के मना करने पर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पहले उसने बेटे को मौत के घाट उतारा, फिर खुद को खत्म करने की कोशिश की। घटना के बाद प्रियंका को गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती करवाया गया था। इलाज के बाद जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए प्रियंका ने पहले एक महिला द्वारा घर में घुसकर बच्चे की हत्या की झूठी कहानी भी रची थी। अब पुलिस ने प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया है और शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। थाना महम प्रभारी सुभाष सिंह के अनुसार यह वारदात पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव की वजह से सामने आई है।
