कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें वापस भेजना है। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों के पास से मिले दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। जांच में सामने आया है कि ये दस्तावेज पश्चिम बंगाल में तैयार किए जाते हैं, जहां दलालों का एक संगठित नेटवर्क बांग्लादेशियों को भारत में घुसाने का काम करता है। ये दलाल सीमा पार कराने के बाद उनके नाम पर नकली आधार कार्ड, राशन कार्ड जैसे कागज़ बनवाते हैं।इसके बाद दिल्ली में सक्रिय रिसीवर नेटवर्क इन घुसपैठियों को काम दिलवाता है और ठहरने की व्यवस्था करता है। पुलिस अब इस नेटवर्क के हर कड़ी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों की पृष्ठभूमि की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे भारत में कब, कैसे और किन माध्यमों से दाखिल हुए। इस पूरे मामले से पश्चिम बंगाल तक हलचल मच गई है, जहां से फर्जी दस्तावेजों का नेटवर्क संचालित होने की आशंका है।
