कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
शनिवार सुबह बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में अलीगढ़-गाजियाबाद नेशनल हाईवे पर जोखाबाद इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गोपालपुर गेट के पास फ्लाईओवर पर एक ईको वैन पाइप से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई, जिससे वैन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान दीनानाथ, अमित शर्मा और सचिन के रूप में हुई है। ये सभी वैन में सवार थे। हादसे में वैन में बैठे दो अन्य लोग और एक स्कूटी सवार घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि ट्रैक्टर ट्रॉली का टायर अचानक फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर रुक गया। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ईको वैन ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की जान मौके पर ही चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआई टीम की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
