कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क। संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) 14 से 25 अप्रैल तक ‘बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर स्वाभिमान अभियान’ चलाएगी। इस अभियान की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को एक राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को इस अभियान के दौरान जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में संबोधन
भाजपा. के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केन्द्रीय भाजपा कार्यालय में आयोजित इस कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान के तहत पार्टी देशभर में 14 अप्रैल से 25 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी। नड्डा ने कहा कि बाबा साहेब ने न केवल संविधान निर्माण को साकार किया, बल्कि देश के सर्वांगीण विकास और करोड़ों लोगों के उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने बाबा साहेब से जुड़े स्थानों को ‘पंच तीर्थ’ के रूप में विकसित करने का अभूतपूर्व कार्य किया है। उनका मानना है कि भाजपा आज बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए कार्य कर रही है, और हर वर्ग के विकास और सामाजिक समरसता को लक्ष्य बना रही है।
अभियान का उद्देश्य
यह अभियान विशेष रूप से अनुसूचित जाति समुदाय में भाजपा की पहुंच को मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा है। भाजपा का उद्देश्य डॉ. आंबेडकर के सामाजिक समानता और न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है, साथ ही समाज के कमजोर वर्गों तक पार्टी की नीतियों और विचारों को भी साझा करना है। जेपी नड्डा ने कार्यशाला के बाद एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए इस अभियान के बारे में जानकारी साझा की।