कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर लोगों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा भोलेनाथ आपका इंतजार कर रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा संख्या में श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया। पहलगाम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि आतंकियों ने न सिर्फ निर्दोष लोगों को निशाना बनाया बल्कि कश्मीरियत और इंसानियत को भी शर्मसार किया है। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए शांति का संदेश भेजने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि कश्मीर की आर्थिकी केवल पर्यटन पर निर्भर नहीं रह सकती, बल्कि हमें टिकाऊ और स्थायी व्यवसायिक क्षेत्रों को अपनाना होगा जिससे लोगों को स्थायी आजीविका मिले। फारूक अब्दुल्ला ने याद दिलाया कि कैसे करगिल युद्ध के दौरान पर्यटन को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन फिर भी स्थानीय लोगों ने संघर्ष करके अपने व्यवसायों को फिर से खड़ा किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे और कश्मीर की सुंदरता को देखने आएंगे।
