Search News

मुख्यमंत्री ने जमुई जिला को दी 890 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात

बिहार
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kanwhizz Times
  • Updated: February 7, 2025

कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रगति यात्रा के चौथे चरण में जमुई जिले के आदर्श महिला थाना परिसर में 89088.02776 लाख रुपये की कुल 74 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें 7640.52698 लाख रुपये की 58 योजनाओं का उद्घाटन और 81447.50076 लाख रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज जमुई जिला में विभिन्न जगहों पर विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खैरा प्रखंड के लघुआर मंदिर का हवाई सर्वेक्षण किया। हवाई सर्वेक्षण के पश्चात् वे ढावांटांड़ ग्राम में बने हेलीपैड पर उतरे। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने गरही डैम में जलाश्य मात्सियिकी विकास योजना के अंतर्गत केज-कल्चर का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित अपर किउल जलाशय योजना के विस्तारीकरण एवं पक्कीकरण तथा प्रस्तावित गरही लघुआर सड़क एवं पुल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने आदर्श महिला थाना परिसर में नवनिर्मित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला थाना का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया और नवनिर्मित थाना भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने 554.54 लाख रुपए की लागत से राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, जमुई का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के विभिन्न भागों का जायजा लिया और इसके संबंध में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने ग्राम सोनपै में 9.90 लाख रुपए लागत से बने खेल मैदान का उदघाट्न किया। उद्घाटन के पश्चात् खेल मैदान के निरीक्षण करने के दौरान वहां उपस्थित खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मैदान बहुत अच्छा बना है। आप लोग पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद में भी भाग लें।
 

Breaking News:

Recent News: