कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
हरियाणा के रोहतक जिले के महम कस्बे के नजदीकी गांव अजायब में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने घर में अकेली मौजूद मां को धक्का देकर उसके ढाई महीने के मासूम बेटे को छीन लिया और बेरहमी से उसे पानी के ड्रम में डुबोकर मार डाला। यह वारदात न सिर्फ पूरे इलाके में सनसनी का कारण बनी है, बल्कि लोगों के मन में गहरा आक्रोश और डर भी बैठा दिया है। मंगलवार को दिन के समय प्रियंका नामक महिला अपने घर में अकेली थी। उसी दौरान एक अज्ञात महिला उसके घर में दाखिल हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला ने पहले प्रियंका को कोई खाद्य सामग्री खिलाकर बेहोश करने की कोशिश की। जब वह इसमें असफल रही, तो उसने प्रियंका से उसके ढाई महीने के बेटे को छीनने की कोशिश की। प्रियंका ने प्रतिरोध किया, लेकिन आरोपी महिला ने उसे जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने मासूम बच्चे को पानी से भरे ड्रम में डुबो दिया और मौके से फरार हो गई। कुछ देर बाद जब प्रियंका को होश आया, तो उसने तुरंत शोर मचाया। परिवार और पड़ोसी दौड़े आए और दोनों मां-बेटे को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने ढाई महीने के मासूम को मृत घोषित कर दिया।
महम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सत्यपाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मौके की जांच की गई। बच्चे की मां प्रियंका के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपी महिला की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वारदात की प्रकृति को देखते हुए वह तांत्रिक विद्या या किसी अंधविश्वास से जुड़े पहलू की भी जांच कर रही है। कई बार बच्चे की बलि देने जैसे मामलों में तांत्रिक गतिविधियों की संभावना सामने आती है, इसलिए इस एंगल को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।इस भयावह घटना से गांव अजायब के लोग सदमे में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी महिला को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। यह वारदात एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि मासूमों की सुरक्षा को लेकर हमें समाज में और अधिक सतर्कता और सजगता की आवश्यकता है।
