कैनविज टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।
गोरखपुर के पिपरौली क्षेत्र में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 28 वर्षीय महिला खुशी ने पति से वीडियो कॉल पर बहस के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त उसका पति मोहम्मद नदीम अंसारी सऊदी अरब के मदीना में था। बताया जा रहा है कि कॉल के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और अचानक कॉल कट हो गया। पति को अनहोनी का संदेह हुआ तो उसने तुरंत पिपरौली में पत्नी के पड़ोसी को फोन किया। जब तक पड़ोसी मौके पर पहुंचा, खुशी फंदे से झूल चुकी थी। गीडा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारा। टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है। खुशी मूल रूप से बड़हलगंज के वार्ड नंबर 8, पुराना गोला की रहने वाली थी। उसकी शादी मोहम्मद नदीम अंसारी से हुई थी, जो रोजगार के सिलसिले में 15 दिन पहले ही सऊदी अरब गया था। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, जबकि महिला के परिजन इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
