कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
पंजाब के दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने यह घोषणा जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित 'संविधान बचाओ रैली' के बाद की। बलकौर सिंह ने कहा कि वे अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगे, क्योंकि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। बलकौर सिंह ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में सरेआम हत्याएं हो रही हैं और उनके बेटे सिद्धू मूसेवाला की भी दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध के कई आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। बलकौर सिंह ने यह भी कहा कि आज के दौर में संविधान को बचाने की जरूरत है क्योंकि राज्य में प्रशासनिक और कानूनी ढांचा चरमरा गया है। गौरतलब है कि बलकौर सिंह मानसा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। यही सीट है, जहां से सिद्धू मूसेवाला ने 2022 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि वह उस चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके थे, लेकिन अब उनके पिता उसी सीट से न्याय और बदलाव की लड़ाई लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
