नैब यूपी स्टेट ब्रांच की अनोखी पहल, दृष्टि दिव्यांगजनों को AI और बुकशेयर तकनीक से बनाया जा रहा आत्मनिर्भर
लखनऊ स्थित नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (नैब) यू0पी0 स्टेट द्वारा आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं बुकशेयर वर्कशॉप के दूसरे दिन दृष्टि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अनोखी पहल देखने को मिली।
### विशेषज्ञों ने दिया व्यापक तकनीकी प्रशिक्षण
डॉ0 होमियार मोबेद (दिव्यांगता विशेषज्ञ एवं कार्यक्रम प्रबंधक, एशिया एवं अफ्रीका बुक शेयर), जैनब चिनिकमवाला (प्रमुख सदस्यता, एशिया एवं अफ्रीका बुक शेयर), संजोग कुमावत (मास्टर ट्रेनर) एवं डॉ0 आरुणी शर्मा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं बुकशेयर से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण तकनीकी आयामों पर दृष्टि दिव्यांगजनों को व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया। यह पहल उन्हें समाज की मुख्य धारा में सक्षम व्यक्ति के रूप में सम्मिलित करने की दिशा में मिल का पत्थर साबित होगी।
### भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष ने दिया सहयोग का आश्वासन
इस अवसर पर उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश, विकास श्रीवास्तव ने वर्कशॉप के आयोजन के लिए संस्था को निरन्तर सहयोग एवं समर्थन प्रदान करने का आश्वासन दिया।
### प्रतिभागियों को मिली तकनीक के निरंतर प्रयोग की प्रेरणा
वर्कशॉप के समापन सत्र में सभी विशेषज्ञों ने दृष्टि दिव्यांगजनों को विभिन्न तकनीकी सुविधाओं का लाभ उठाते हुए उनके जीवन में निरन्तर प्रयोग करते रहने की प्रेरणा प्रदान की। संस्था के महासचिव सत्य कुमार सिंह एवं वर्कशॉप समन्वयक डॉ0 राकेश जैन द्वारा संयुक्त रूप से समस्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
### कार्यक्रम में रहे ये गणमान्य लोग मौजूद
पद्मा सिंह (ट्रस्टी, नैब यूपी स्टेट ब्रांच), रचित मौर्य (संपादक, तरुण प्रवाह पत्रिका), मोनू सिंह, चिंतामणि अवस्थी, आरुणि शर्मा, चन्द्र शेखर शर्मा, अखिलेश प्रसाद, हरीश मिश्रा, डॉ0 प्रमोद कुमार सिंह, श्री वासुदेव गिरी, लवलेश प्रताप सिंह, प्रणव शुक्ला, पुष्पावती आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप कुमार गंगवार ने किया।
