कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
अहमदाबाद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी है। नगर निगम ने दूसरे चरण का व्यापक अभियान शुरू किया है, जिसके तहत शहर के चंदोला क्षेत्र में लगभग 2.5 लाख वर्ग मीटर भूमि से अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं। इस क्षेत्र में करीब 8 हजार से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा। कार्रवाई को लेकर शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक के अनुसार, करीब 3000 पुलिसकर्मी और SRP की 25 कंपनियां दो शिफ्ट में तैनात की गई हैं। प्रशासन ने अतिक्रमण प्रभावित इलाकों में दो दिन पहले से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से मकान खाली करने की अपील शुरू कर दी थी। चंदोला क्षेत्र, जहां यह कार्रवाई की जा रही है, तालाब की जमीन पर बना हुआ है, जिसे नगर निगम ने अवैध घोषित किया है। DCP रवि मोहन सैनी ने जानकारी दी कि इस पूरे क्षेत्र में बिना अनुमति के निर्माण कार्य हुआ था, इसलिए इसे हटाया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी प्रवासी भी थे। पहले चरण की कार्रवाई के दौरान कई अवैध प्रवासी पकड़े गए, जिनमें से अधिकांश को वापस उनके देश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। पुलिस का दावा है कि कुछ हिस्सों का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के संचालन के लिए भी किया जा रहा था। क्राइम ब्रांच के जॉइंट कमिश्नर शरद सिंघल ने बताया कि पहले चरण में 1.5 लाख वर्ग मीटर जमीन से अतिक्रमण हटाया गया था। उन्होंने कहा कि “दूसरे चरण की कार्रवाई आज से शुरू की गई है और पुलिस पर्याप्त संख्या में तैनात है ताकि किसी भी तरह की अशांति न हो।”
प्रशासन ने यह भी कहा है कि 2010 से पहले यहां बसे लोगों को EWS हाउसिंग योजना के तहत आवेदन करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षाबल लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं, और जनता से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। यह अभियान अगले 3-4 दिनों तक चलने की संभावना है। नगर निगम और पुलिस बल का कहना है कि वे इस अभियान को कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए निष्पक्ष और सख्ती से पूरा करेंगे।
