Search News

उत्तर भारत में झुलसाती गर्मी का कहर, दिल्ली में 12 जून से राहत की उम्मीद

उत्तर भारत में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, IMD ने अगले 5 दिनों तक हीटवेव की चेतावनी जारी की। दिल्ली में 12 जून के बाद बारिश की संभावना, जबकि यूपी और बिहार में 11 जून से मौसम में बदलाव के आसार हैं। पढ़ें मौसम विभाग का ताजा अपडेट।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: June 9, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क । 

उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले पांच दिनों तक लू और भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 16 मई के बाद से लगातार तापमान में वृद्धि हो रही है। रविवार को 22 दिन बाद अधिकतम तापमान 42 डिग्री पार कर गया, जबकि हीट इंडेक्स 47.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, यानी लोगों ने 47 डिग्री से अधिक की गर्मी का एहसास किया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिन तक आसमान साफ रहेगा, हालांकि 20 से 30 किमी/घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं।
 

दिल्ली में मॉनसून की एंट्री कब?
 

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में 24 से 25 जून के बीच मॉनसून दस्तक दे सकता है। आमतौर पर राजधानी में मॉनसून 27 जून तक पहुंचता है।

यूपी-बिहार में मौसम का मिजाज
 

उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में और वृद्धि होगी और मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, 11 जून से प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे मौसम सुहाना हो सकता है। बिहार में भी अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। लेकिन मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही का पूर्वानुमान जताया है। यह बदलाव 11 जून के बाद देखने को मिल सकता है। गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के लोगों के लिए राहत की खबर है। जहां दिल्ली में 12 जून के बाद बारिश की संभावना है, वहीं यूपी और बिहार में 11 जून से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मॉनसून के आने में अब ज्यादा देर नहीं है।

Breaking News:

Recent News: