कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
देश के कई राज्यों में मानसून की दस्तक के साथ मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों तक बारिश और तेज़ हवाओं का असर देखने को मिलेगा। 30 और 31 मई को राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं, हरियाणा और पंजाब में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। इन राज्यों में आज और कल मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाएं भी हो सकती है। बिहार के 26 से 27 जिलों में अगले दो दिनों में तेज़ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 जून के आसपास बिहार में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। इससे पहले ही राज्य के कई हिस्सों में मौसम ठंडा और नमी भरा हो गया है। राजस्थान में भी आने वाले दो दिनों के दौरान कई जिलों में बारिश का अनुमान है। तापमान में गिरावट के साथ ही मौसम सुहावना हो सकता है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की जानकारी दी है, जिससे पूरे उत्तर भारत में असर दिखेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि तेज़ हवाओं और हल्की बारिश के कारण लू का असर कम हो सकता है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।IMD ने साफ किया है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय हो रहा है, जिससे आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश और तूफ़ान की स्थिति बन सकती है। यह बदलाव मानसून की रफ्तार को भी तेज़ करेगा।
