कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
गुरुग्राम के भोंडसी और सोहना इलाके में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (डीटीपीई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 अवैध कॉलोनियों को जमींदोज कर दिया है। इन कॉलोनियों में से 13 से अधिक को हाल ही में गिराया गया है। विभाग ने जमीन मालिकों, प्रॉपर्टी डीलरों और भू-माफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है। डीटीपीई ने अवैध कॉलोनियों के राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर यह कार्रवाई की है। विभाग ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार को पत्र लिखकर इन जमीनों पर रजिस्ट्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने को कहा है। एफआईआर दर्ज कराने के लिए इन्फोर्समेंट थाने में सिफारिश की गई है, जिसमें 13 कंपनियों समेत कुल 70 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इससे पहले अप्रैल माह में भी विभाग ने 10 अवैध कॉलोनियों को लेकर एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की थी। गुरुग्राम में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है ताकि शहरी नियोजन और विकास को व्यवस्थित किया जा सके।
