संतोष यादव प्रयागराज
प्रयागराज महाकुंभ मेले से संगम स्नान के बाद सोमवार को कोलकाता लौटते वक्त मिर्जापुर जा हाईवे देवर भीरपुर के ढाबा पर भोजन करने के लिए बस से उतरे श्रद्धालुओं पर पैसों के चक्कर में ढाबा संचालक ने झगड़ा किया। विरोध पर गुंडों को बुलाकर हमला कर दिया। श्रद्धालुओं को दौड़ाकर पीटा गया। महिलाओं पर भी डंडे से वार करते हुए अभद्रता की। पुलिस ने दो हमलावरों को दबोच लिया जबकि बाकी की तलाश हो रही है।
कोलकाता के 80 श्रद्धालु महाकुंभ में स्नान के बाद सोमवार सुबह बस में बैठकर वापस रवाना हुए। करीब नौ बजे वे सभी करछना में प्रयागराज मीरजापुर मार्ग पर देवरी कला गांव के सामने नच्चू ढाबा पर खाना खाने के लिए रुके। चालक ने बस सड़क
किनारे खड़ी कर दी। श्रद्धालु उतर कर ढाबे का शौचालय इस्तेमाल करने लगे। इतने में ढाबा संचालक ने कहा कि शौचालय इस्तेमाल करने का एक हजार रुपये देना पड़ेगा। बस खड़ी करने का भी एक हजार रुपये लगेगा। चौकी प्रभारी अमित सिंह ने श्रद्धालुओं को बचाया। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। चौकी प्रभारी ने घायलों को भारद्वाज हास्पिटल भीरपुर ले जाकर मरहम-पट्टी कराई। अस्पताल में श्रद्धालुओं ने आपबीती बताई। दबंगों के हमले से सभी श्रद्धालु बुरी तरह सहमे रहे। पुलिस ने अमरनाथ चौधरी की तहरीर पर अनिल यादव, नच्चू यादव, जयशंकर यादव व उसके चार-पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
