कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी विधानसभा क्षेत्र स्थित ढोटियां गांव के खेल स्टेडियम में मंगलवार सुबह भारतीय सेना के दो हेलीकॉप्टरों की आपातकालीन लैंडिंग हुई। यह घटना सुबह करीब 6:30 से 7:30 बजे के बीच हुई जब दोनों हेलीकॉप्टर अलग-अलग दिशाओं से आकर स्टेडियम में उतरे। स्थानीय लोगों के अनुसार, हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग होते ही गांव में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम की ओर दौड़ पड़े। सरपंच दिलबाग सिंह, ब्लॉक समिति के पूर्व चेयरमैन रणजीत सिंह राणा, कोच सरूप सिंह ढोटियां और समाजसेवी रविंदर सिंह गिल ने बताया कि यह दृश्य देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई थी। सेना के दोनों हेलीकॉप्टर लगभग 35 मिनट तक मैदान में रुके और फिर सुरक्षित वापस लौट गए। लैंडिंग के पीछे तकनीकी कारण होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इस संबंध में सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान अभी नहीं आया है।
