कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
राजद से निष्कासित विधायक तेज प्रताप यादव ने लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवादों के बीच पहली बार सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव और भाभी राजश्री को पुत्ररत्न की प्राप्ति पर बधाई देते हुए तेज प्रताप ने अपने भतीजे को आशीर्वाद भी दिया है। तेज प्रताप ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा श्री बांके बिहारी जी के असीम कृपा व आशीर्वाद से नवजात शिशु के आगमन (पुत्ररत्न की प्राप्ति) पर मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव एवं राज श्री यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भतीजे को मेरा स्नेहिल आशीर्वाद एवं शुभ प्यार। तेज प्रताप के इस पोस्ट को लालू परिवार के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है, खासकर तब जब हाल ही में तेज प्रताप की पूर्व पत्नी ऐश्वर्या राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लालू परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। ऐश्वर्या ने कहा था कि जब लालू परिवार को तेज प्रताप के प्रेम संबंधों की सच्चाई पता थी, तब उन्होंने मेरी जिंदगी क्यों बर्बाद की? इस बयान से बिहार की राजनीति में नई हलचल मच गई थी। हालांकि, तेज प्रताप की यह सकारात्मक प्रतिक्रिया शायद परिवार में एक बार फिर मेल-मिलाप की शुरुआत का संकेत हो सकती है।
