कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
भारत द्वारा पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद कोलंबिया ने पाकिस्तान में हुई मौतों पर संवेदना व्यक्त की थी। इस पर भारत की ओर से भेजे गए डेलिगेशन में शामिल कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कोलंबिया पहुंचकर इस बयान पर गंभीर आपत्ति जताई और इसे भारत के प्रति असंवेदनशील बताया। थरूर की इस कूटनीतिक प्रतिक्रिया के 48 घंटे के भीतर ही कोलंबिया सरकार ने अपना बयान वापस ले लिया। कोलंबिया की उप विदेश मंत्री रोसा योलांडा विलाविसेनियो ने कहा कि उन्हें अब स्थिति की पूरी जानकारी मिल गई है और वे बातचीत जारी रखने को लेकर आश्वस्त हैं। शशि थरूर ने कोलंबिया सरकार की नई प्रतिक्रिया पर संतोष जताते हुए कहा यह हमारे लिए बहुत मूल्यवान है कि उन्होंने संवेदना वाला बयान वापस ले लिया है और भारत की स्थिति को समझा है। भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी इस मुद्दे पर थरूर के रुख की सराहना की और कहा कि भारत हमेशा आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाता रहा है और कोलंबिया को यह समझना जरूरी था। इस घटनाक्रम को भारत की एक बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा है, जहां एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की स्थिति को मजबूती से रखा गया और विदेश सरकार को अपना रुख बदलने पर मजबूर होना पड़ा।
