कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
मुजफ्फरपुर में दुष्कर्म की दो घटनाओं के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। एक ओर कुढ़नी में दुष्कर्म पीड़ित बच्ची की मौत से लोग आक्रोशित हैं, वहीं दूसरी ओर बलात्कार के एक और मामले में विपक्ष सरकार पर हमलावर है। इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि सरकार आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। विजय सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा अगर मेरा बेटा भी अपराधी होगा तो उसका भी एनकाउंटर कर दिया जाए। भाजपा का कोई नेता या कार्यकर्ता उसे नहीं बचाएगा। उन्होंने बताया कि एक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसके खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर उसे सजा दिलवाई जाएगी। दूसरे मामले में आरोपी की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाया जाएगा। उन्होंने विपक्षी नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने मंत्री को हत्या के मामले में बचाते रहे हैं। कांटी की हत्या कांड में राजद मंत्री इजरायल मंसूरी का नाम आया था लेकिन एफआईआर में उन्हें बचा लिया गया। डिप्टी सीएम ने एसएसपी सुशील कुमार को निर्देश दिया कि कांटी हत्या कांड की फाइल दोबारा खोली जाए और मामले की गहराई से जांच हो। साथ ही, एसकेएमसीएच की अधीक्षक डॉ. कुमारी विभा के बयान को गलत ठहराते हुए उन्होंने कहा कि अगर इलाज में कोई कमी थी तो उसे पहले सामने लाया जाना चाहिए था।
