कैनवीज़ टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
बिहार की राजधानी पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (एनएमसीएच) में चूहों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना में एक मधुमेह रोगी अवधेश कुमार की उंगलियों को चूहों ने कुतर दिया, जिससे अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। मरीज डायबिटिक न्यूरोपैथी से पीड़ित हैं और उन्हें अपने शरीर में हो रही चोटों का पता नहीं चलता। उनका एक पैर पहले ही कट चुका है।
गत सप्ताह अवधेश कुमार को टखने के जोड़ को फिक्स कराने के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। बुधवार को उनकी सर्जरी की गई और उन्हें वार्ड में बेड नंबर 55 पर शिफ्ट किया गया। लेकिन गुरुवार रात, जब वे और उनकी पत्नी सो रहे थे, चूहों ने उनके इकलौते पैर के अंगूठे समेत चार उंगलियां बुरी तरह कुतर दीं। सुबह परिजनों ने बिस्तर पर खून और पैर की हालत देखी, जिसके बाद अस्पताल में हंगामा मच गया।
पहले भी हुई थी चूहों की घटना
यह पहली बार नहीं है जब एनएमसीएच में चूहों का आतंक देखने को मिला है। 16 नवंबर 2024 को यहां भर्ती एक युवक की मृत्यु के बाद उसकी एक आंख गायब हो गई थी। पहले इसे चोरी का मामला बताया गया, लेकिन बाद में यह साफ हुआ कि चूहों ने उसकी आंख निगल ली थी। अवधेश कुमार के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की साफ-सफाई बेहद खराब है और रात में वार्ड में चूहों का आतंक रहता है। उन्होंने साफ-सफाई कर्मियों, वार्ड ब्वाय और नर्सिंग सेवा पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मरीजों की देखभाल के लिए पर्याप्त स्टाफ नहीं है, जिससे ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी है। अस्पताल के हड्डी विभागाध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश ने अधीक्षक को बताया कि रोगी डायबिटिक गैंगरिन से भी पीड़ित था, जिसके कारण उंगलियां खुद से गिर सकती हैं। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आने की बात कही है।
इस घटना ने एनएमसीएच अस्पताल की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, वहीं लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने मरीजों और उनके परिजनों के मन में भय पैदा कर दिया है। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है।
