बारा, प्रयागराज. विगत दिनों शीतकालीन सत्र में बारा क्षेत्र के चार मुद्दों पर यूपी सदन में याचिका समिति के सामने विधायक बारा ने रखा था।जिसमें शिवराजपुर से लालापुर सड़क निर्माण, प्रतापपुर में यमुना नदी पर स्थायी पुल निर्माण,लघु डाल नहर पर 50 क्यूसेक क्षमता का पंप स्थापित कराने तथा नगर पंचायत शंकरगढ़ की सीमांकन आदि विषयों को प्रमुखता से उठाया था।
विधायक वाचस्पति ने सदन में शिवराजपुर काली रोड से लालापुर एकोडेक्ट तक मार्ग निर्माण स्थानीय जनता की ओर से की गई मांग को आगे बढ़ाया है,उक्त मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में सुविधा और विकास की उम्मीद है। विधायक ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि स्थानीय व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सरकार से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की, ताकि जनता की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। विधायक ने सदन में बारा क्षेत्र के लघु डाल नहर पर 50 क्यूसेक क्षमता का पंप स्थापित कराने की मांग उठाई है। उन्होंने बताया कि इस पंप की स्थापना से क्षेत्र में जल आपूर्ति में सुधार होगा, जिससे किसानों को सिंचाई में सुविधा मिलेगी और उनकी फसल उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना पर शीघ्र कार्यवाही की जाए, ताकि स्थानीय कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा दिया जा सके। सभी किसानों और निवासियों को लाभ मिल सके। पूर्व जिला मीडिया प्रभारी भाजपा दिनेश तिवारी ने विज्ञप्ति जारी करते बताया कि जनपद प्रयागराज, कौशाम्बी और चित्रकूट को जोड़ने के लिए प्रतापपुर में यमुना नदी पर पीपा पुल के स्थान पर एक स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग को लेकर याचिका समिति में एक प्रस्ताव रखा गया है। इस प्रस्ताव में यह बताया गया है कि स्थायी पुल के निर्माण से इन तीनों जनपदों के बीच आवागमन की सुविधा में सुधार होगा, जिससे व्यापार, परिवहन और सामाजिक संपर्क में वृद्धि होगी।स्थायी पुल की स्थापना से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ होगा, बल्कि यह क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। याचिका समिति ने इस मांग पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है।स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने विधायक के पहल का स्वागत किया है।
नगर पंचायत शंकरगढ़ के सीमांकन को लेकर डॉ. विनोद त्रिपाठी ने विधायक वाचस्पति के समक्ष एक प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव में शंकरगढ़ नगर पंचायत के सीमांकन की आवश्यकता और सीमांकन स्पष्ट न होने से हो रही असुविधाओं से अवगत कराया। विधायक वाचस्पति ने सीमांकन मुद्दे को सदन की याचिका समिति के सामने उठाया, सरकार स्थानीय विकास और प्रशासनिक सुधारों के प्रति उनकी गंभीरता है। सीमांकन से न केवल स्थानीय प्रशासन को बेहतर तरीके से काम करने का मौका मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र के विकास में भी सहायक सिद्ध होगा।सीमांकन से जटिल समस्याओं का समाधान होगा और विकास की नई राह खुलेगी।
