कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ब्रह्मपुत्र नदी को लेकर पाकिस्तान के हालिया बयान पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत किसी भी रूप में ब्रह्मपुत्र नदी के जल प्रवाह के लिए चीन पर निर्भर नहीं है। सरमा का यह बयान उस समय आया जब पाकिस्तान ने सिंधु नदी पर भारत की कार्रवाई के जवाब में धमकी देते हुए कहा कि चीन भी ब्रह्मपुत्र का पानी रोक सकता है, जिससे भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों में सूखा पड़ सकता है। मुख्यमंत्री सरमा ने तथ्यों के साथ जवाब देते हुए कहा कि ब्रह्मपुत्र नदी में चीन से आने वाला जल प्रवाह मात्र 30-35% है, जबकि बाकी 65-70% पानी भारत के अंदर बारिश और सहायक नदियों से आता है। उन्होंने कहा कि यह नदी हिमालय के ग्लेशियरों से निकलती जरूर है, लेकिन इसका मुख्य प्रवाह भारत में ही बढ़ता है। सरमा ने कहा पाकिस्तान को भ्रामक जानकारी देने से पहले तथ्यों की जानकारी होनी चाहिए। ब्रह्मपुत्र भारत की आत्मा है और इसका जल भारत की वर्षा और नदियों से पोषित होता है। चीन चाहकर भी इसे पूरी तरह रोक नहीं सकता। पाकिस्तान का यह बयान उस समय सामने आया जब भारत ने कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद सिंधु नदी के जल को लेकर सख्ती दिखाई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने बदले की धमकी देते हुए ब्रह्मपुत्र नदी का जिक्र किया था, जो चीन से होकर भारत में प्रवेश करती है। हिमंत बिस्वा सरमा ने इसे एक "राजनीतिक प्रोपेगेंडा" बताते हुए कहा कि पाकिस्तान को पहले भूगोल और हाइड्रोलॉजी की समझ होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अपने प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना जानता है और किसी भी स्थिति में उत्तर-पूर्व को जल संकट नहीं झेलना पड़ेगा।