कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
केरल और मुंबई में हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शनिवार को केरल में मानसून की दस्तक के साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते कई जिलों में स्कूलों को बंद करना पड़ा। कई इलाकों में जलभराव और सड़कें क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई हैं। वहीं रविवार और सोमवार की रात मुंबई में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे जगह-जगह जलभराव हो गया और सड़कों पर लंबा जाम लग गया। लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दिल्ली-एनसीआर में भी शनिवार देर रात तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे पेड़ उखड़ गए और कई अंडरपासों में पानी भर गया। उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, उत्तर-पूर्वी राज्यों और गुजरात के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में मूसलाधार बारिश जारी रह सकती है। नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
