कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
महाराष्ट्र के बीड जिले में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा गेवराई तालुका के गढ़ी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर रात करीब 8:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, दीपक अटकरे द्वारा चलाई जा रही एक कार डिवाइडर पर चढ़कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। कार को सड़क से हटाने के लिए कुछ लोग प्रयास कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बालू अटकरे, भागवत परालकर, सचिन नन्नावरे, मनोज करांडे, कृष्ण जाधव और दीपक सुरैया के रूप में हुई है। ये सभी बीड जिले के गेवराई क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। यह हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े करता है।
