कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
माता वैष्णो देवी से शिवखोड़ी तक 20 मिनट में पहुँचने वाली हेलीकॉप्टर सेवा 15 साल बाद फिर शुरू होने जा रही है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हाल ही में इस सेवा को फिर से शुरू करने की घोषणा की, जिससे देशभर से शिवखोड़ी आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। हालांकि, शिवखोड़ी में हेलीपैड से गुफा तक के 500 मीटर लंबे यात्रा मार्ग का निर्माण कार्य अभी अधूरा है। यह सेवा इसी वजह से 2011 में शुरू होने के कुछ समय बाद बंद कर दी गई थी। अब 69 आरसीसी ग्रेफ द्वारा इस मार्ग और शिवगंगा नदी पर एक पुल का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर करीब 6 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य पूरा होने में अभी 6 से 7 महीने और लग सकते हैं, जिससे यह सेवा जनवरी 2026 से फिर शुरू हो सकती है। हेलीकॉप्टर से यात्रा के दौरान श्रद्धालु कटड़ा से शिवखोड़ी तक मात्र 20 मिनट में पहुंच सकेंगे। हेलीपैड से गुफा तक का मार्ग पूरा होते ही सेवा की शुरुआत का रास्ता साफ हो जाएगा। किराया और संचालन की अन्य जानकारियों की घोषणा जल्द की जाएगी।
