कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
अगर आप यह सोचकर शराब का एक छोटा पेग चिल करने के लिए पीते हैं कि थोड़ी-सी मात्रा सेहत को नुकसान नहीं पहुंचाएगी, तो आपको WHO की हालिया स्टडी जरूर पढ़नी चाहिए। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) द्वारा किए गए अध्ययन में शराब और पैनक्रियाटिक कैंसर के बीच सीधा संबंध पाया गया है। इस शोध में एशिया, यूरोप, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के करीब 25 लाख लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया। नतीजों में पाया गया कि शराब की थोड़ी-सी मात्रा भी शरीर में कैंसर सेल्स को बढ़ावा दे सकती है, विशेष रूप से पैनक्रियाज (अग्न्याशय) में। यह स्टडी इस धारणा को गलत साबित करती है कि सीमित मात्रा में शराब पीना सुरक्षित होता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, शराब का सेवन किसी भी मात्रा में सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है और यह कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। WHO की यह चेतावनी खासतौर पर उन लोगों के लिए अहम है जो शराब को अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा बना चुके हैं। स्ट्रेस, खुशी या सेलिब्रेशन हर मौके पर शराब का सेवन अब आम हो गया है, लेकिन अब समय आ गया है कि लोग इसके गंभीर परिणामों को समझें और जागरूकता बढ़ाएं।
