कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
इंडिगो एयरलाइंस के एक 35 वर्षीय ट्रेनी पायलट ने कंपनी के तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर जातिगत उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित पायलट अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखते हैं। शिकायत के मुताबिक अधिकारियों ने उनसे कहा तुम विमान उड़ाने लायक नहीं हो, जाओ चप्पलें सिलवाओ। यह कथित टिप्पणी 28 अप्रैल को इंडिगो के गुरुग्राम स्थित हेडक्वार्टर में हुई एक बैठक के दौरान की गई थी। पीड़ित का आरोप है कि उसे जानबूझकर अपमानित किया गया ताकि वह इस्तीफा दे दे। शिकायत के अनुसार, अधिकारियों ने कहा कि वह यहां चौकीदार बनने लायक भी नहीं हैं। साथ ही, उन्हें पेशेवर रूप से परेशान किया गया ।वेतन में कटौती, बार-बार रिट्रेनिंग और चेतावनी पत्र जारी किए गए। पहले इस मामले में बेंगलुरु पुलिस में जीरो FIR दर्ज की गई, जिसे बाद में गुरुग्राम ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस ने इंडिगो अधिकारियों मनीष साहनी, तपस डे और कैप्टन राहुल पाटिल के खिलाफ एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने यह भी कहा कि उन्होंने इंडिगो की आंतरिक नैतिकता समिति के सामने भी शिकायत की, लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें पुलिस की शरण लेनी पड़ी। यह मामला एक बार फिर से कॉर्पोरेट सेक्टर में जातिवाद और भेदभाव जैसे गंभीर मुद्दों को सामने लाता है।
