Search News

देश के नाम अंतरिक्ष से सलाम, शुभांशु शुक्ला ने दिखाया भारत का परचम

Axiom-04 मिशन में भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष से तिरंगा लहराते हुए 'जय हिंद, जय भारत' का संदेश भेजा। जानिए मिशन से जुड़ी अहम बातें और भावुक पल।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: June 25, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क । 

भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने नासा और इसरो के संयुक्त मिशन Axiom-04 के तहत सफलतापूर्वक अंतरिक्ष की ओर उड़ान भरी है। यह मिशन अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और भारत की इसरो के बीच सहयोग का परिणाम है, जिसे स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट और ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए लॉन्च किया गया। Axiom-04 मिशन के तहत शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष से पहला संदेश भेजा है, जिसने देशवासियों के दिलों में गर्व की भावना जगा दी है। उन्होंने कहा, “नमस्कार मेरे प्यारे देशवासियों। काफी साल बाद हम फिर वापस अंतरिक्ष में पहुंच गए हैं। कमाल की राइड है। मेरे साथ मेरे कंधे पर तिरंगा है। जय हिंद, जय भारत।”  इस संदेश के साथ ही देशभर में खुशी और गर्व का माहौल है। सोशल मीडिया पर यह संदेश तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। 

शुभांशु के साथ अन्य अंतरिक्ष यात्री

Axiom-04 मिशन के दल में शुभांशु शुक्ला के अलावा तीन और अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं—

पैगी व्हिटसन (Peggy Whitson)

स्लावोश उजनांस्की-विस्निएवस्की (Slawosz Uznanski-Wisniewski)

टिबोर कपु (Tibor Kapu)

चारों को लेकर फाल्कन 9 रॉकेट ने अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से सफलतापूर्वक उड़ान भरी। यह टीम अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर करीब 14 दिन गुजारेगी।लॉन्चिंग से पहले शुभांशु शुक्ला की मां ने उन्हें वीडियो कॉल पर दही-चीनी खिलाई। शुभांशु ने अपनी मां से कहा मां, मेरा इंतजार  करना, मैं आता हूं। यह पल पूरे परिवार के लिए बेहद भावुक था। उनकी बहन ने कहा हमारी आंखों में आंसू हैं, लेकिन ये खुशी के आंसू हैं। हमें उस पर बहुत गर्व है। स्पेसएक्स ने Axiom-04 मिशन की पहली तस्वीर भी साझा की है, जिसमें चारों अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष यान के अंदर बैठे नजर आ रहे हैं। फोटो में सभी यात्रियों के चेहरे पर आत्मविश्वास और उत्साह साफ झलक रहा  यह मिशन सिर्फ वैज्ञानिक दृष्टिकोण से नहीं बल्कि राष्ट्रीय गौरव के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष में मौजूदगी भारत की वैज्ञानिक क्षमता और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सहयोग में बढ़ते प्रभाव को दर्शाती है। भारत अब न केवल चंद्रमा और मंगल तक पहुंच चुका है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मिशनों में भी अपनी प्रतिभा और ताकत दिखा रहा है।  शुभांशु शुक्ला का अंतरिक्ष में तिरंगा लहराना और 'जय हिंद, जय भारत' का संदेश देना पूरे देश के लिए गौरव की बात है। यह क्षण भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। इसरो, नासा और स्पेसएक्स की साझेदारी के तहत Axiom-04 मिशन ने नई ऊंचाइयों को छू लिया है।

 जय हिंद! जय भारत!

Breaking News:

Recent News: