कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
नमो भारत रैपिड रेल ने रविवार को ऐतिहासिक ट्रायल रन के तहत दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक की 82 किलोमीटर की यात्रा एक घंटे से भी कम समय में पूरी की। इस दौरान मेरठ मेट्रो भी ट्रैक पर नमो भारत ट्रेनों के साथ दौड़ती नजर आई, जिससे लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। एनसीआरटीसी के मुताबिक ट्रेनों ने 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम संचालन गति से हर स्टेशन पर स्टॉप लेते हुए तय शेड्यूल के अनुसार यह यात्रा पूरी की। यह पहला मौका था जब ट्रैक पर एक साथ दो नमो भारत और दो मेरठ मेट्रो ट्रेनों का परीक्षण हुआ। इस दौरान प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर (PSD) के साथ आधुनिक ETCS Level-3 हाइब्रिड सिग्नलिंग सिस्टम और LTE बैकबोन तकनीक का सफलतापूर्वक परीक्षण भी किया गया। यह तकनीक विश्व में पहली बार भारत के इस कॉरिडोर पर लागू की गई है। फिलहाल नमो भारत कॉरिडोर का 55 किमी का हिस्सा यात्रियों के लिए चालू है, जिसमें कुल 11 स्टेशन हैं। बाकी 27.5 किमी हिस्से पर ट्रायल व फिनिशिंग कार्य जारी है। संभावना है कि जुलाई 2025 से सराय काले खां से मेरठ साउथ तक ट्रेन संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
