कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाईवे यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने ऐलान किया है कि भारत में अब 15 अगस्त 2025 से Fastag आधारित वार्षिक पास (FASTag Annual Pass) की सुविधा शुरू की जाएगी। इस पास की मदद से लोग केवल ₹3000 देकर पूरे साल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर टेंशन फ्री सफर कर सकेंगे।गडकरी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना 60 किलोमीटर के दायरे में स्थित टोल प्लाज़ाओं को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है, ताकि एक ही स्थान पर बार-बार टोल देने की परेशानी से निजात मिल सके। यह पास एक वर्ष के लिए वैध होगा और Fastag के ज़रिए डिजिटल भुगतान को और अधिक सहज बनाएगा।
किसे मिलेगा फायदा?
यह योजना गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों के लिए होगी, जिसमें कार, वैन, जीप जैसे वाहन शामिल हैं। यह पास ट्रक, बस या अन्य व्यावसायिक वाहनों के लिए मान्य नहीं होगा। यानी जिन लोगों का रोज़ का सफर निजी गाड़ियों से होता है, उन्हें इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा।
कहां मान्य होगा यह पास?
यह पास केवल 60 किमी के दायरे में स्थित टोल प्लाज़ाओं पर मान्य होगा। यानी अगर कोई वाहन चालक एक ही क्षेत्र में बार-बार टोल प्लाज़ा पार करता है तो उसके लिए यह सुविधा बेहद फायदेमंद होगी। गडकरी के इस ऐलान को देशभर में डिजिटल टोल प्रणाली को बढ़ावा देने के रूप में देखा जा रहा है। उम्मीद है कि इससे निजी वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी और टोल पर लगने वाली लंबी कतारों से भी निजात मिलेगी।
