Search News

मिडिल-ईस्ट के लिए हवाई रास्ते बंद, कई देशों ने उड़ानों पर लगाई रोक

ईरान-इजरायल तनाव के चलते मिडिल-ईस्ट, अमेरिका और यूरोप जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द। एयर इंडिया और इंडिगो ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। जानिए पूरा मामला।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: June 24, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क । 

ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के चलते मिडिल-ईस्ट में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। ईरान ने कतर स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे 'अल-उदेद एअरबेस' पर 6 मिसाइलें दाग दी हैं, जिसके बाद कतर, कुवैत, इराक और यूएई ने अपने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इससे अंतरराष्ट्रीय विमानन सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई है। भारत सहित कई देशों से मिडिल-ईस्ट और यूरोप जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गई हैं या बीच रास्ते से वापस लौटनी पड़ी हैं। लखनऊ से दम्मम, मुंबई से कुवैत और अमृतसर से दुबई जाने वाली उड़ानें अरब सागर से ही वापस लौटीं। एअर इंडिया ने तत्काल प्रभाव से मिडिल-ईस्ट, अमेरिका के पूर्वी तट और यूरोप की सभी फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है। वहीं, अमेरिका से भारत आने वाली उड़ानें भी एयरपोर्ट से वापस लौटाई गई हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जांच लें। इंडिगो ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है और कहा है कि बिगड़ते हालात के कारण उड़ानों में देरी या डायवर्जन हो सकता है। यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करें। मौजूदा हालात का सबसे ज्यादा असर मिडिल-ईस्ट के लिए उड़ानों पर पड़ा है, क्योंकि भारत से जाने वाली अधिकांश अंतरराष्ट्रीय उड़ानें दोहा, अबूधाबी और दुबई होकर ही जाती हैं। यह संकट भारतीय विमानन उद्योग के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है।

Breaking News:

Recent News: