कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क। बिहार कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए 40 जिलों में नए अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इस बदलाव के तहत पार्टी ने विभिन्न जातिगत और सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है। भूमिहार समुदाय से 11, ब्राह्मणों से 8, राजपूतों से 6 और मुस्लिम समुदाय से 5 नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा, यादव और दलित समुदाय से भी नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
पटना महानगर के लिए शशि रंजन, पटना ग्रामीण 1 के लिए सुमीत कुमार सनी और पटना ग्रामीण 2 के लिए रघुनंदन पासवान को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। अन्य प्रमुख नियुक्तियों में मुजफ्फरपुर में अरविंद मुकुल, दरभंगा में सीताराम चौधरी, गया में गगन कुमार मिश्रा और बक्सर में मनोज पाण्डेय शामिल हैं।
पार्टी ने जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इन नियुक्तियों को अंजाम दिया है, जिससे विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। हालांकि, दलित और पिछड़ा वर्ग से कम नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाया गया है, जिस पर चर्चा हो रही है।
इन बदलावों के माध्यम से कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में ये कदम उठाए गए हैं, जिनकी नियुक्ति हाल ही में हुई थी।
