Search News

कूड़े के ढेर से परेशान श्रीनगर कॉलोनी के लोगों का प्रदर्शन, महापौर के खिलाफ नारेबाजी

प्रदर्शन
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: June 25, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। फैजुल्लागंज प्रथम स्थित श्रीनगर कॉलोनी में पिछले एक माह से लगे कूड़े के ढेरों से नाराज स्थानीय निवासियों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने नगर निगम की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए महापौर के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के बड़े ढेर लगे हैं, जिससे दुर्गंध और गंदगी की समस्या बनी हुई है। निवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार पार्षद कार्यालय तथा नगर निगम कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। सामाजिक कार्यकर्ता ममता त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने 2 जून, 12 जून, 18 जून और 22 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से तथा नगर निगम जोन-3 के अधिकारियों को फोन कर मामले की जानकारी दी थी। इसके बावजूद कूड़ा हटाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से समस्या बने रहने के कारण स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कूड़े के ढेर नहीं हटाए गए तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। नागरिकों ने नगर निगम से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और क्षेत्र को कूड़ा मुक्त बनाने की मांग की।

Breaking News:

Recent News: