लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी के सहयोग से पूज्य झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत लखनऊ एवं एसएसडी सेवा समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर का मंगलवार को एलडीए कॉलोनी में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन शिव शांति संत बाबा आसूदाराम आश्रम के पूज्य साईं हरिश लाल साहब एवं अन्य अतिथियों ने किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नवयुग कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ जीवन में संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, राष्ट्र सेविका समिति की सहभाग कार्यवाहिका भावना चौहान आर्य ने बच्चों को शिविर की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर व्यक्तित्व विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

पूज्य झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. अनिल चांदानी ने बताया कि शिविर 24 जून से 30 जून तक आयोजित किया जाएगा। इसमें 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को भारतीय संस्कार, व्यक्तित्व विकास और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर के पहले दिन 75 बच्चों ने पंजीकरण कराया। उन्होंने बताया कि शिविर में प्रतिदिन प्रार्थना, योग, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, सिंधी भाषा, संस्कृति एवं इतिहास की कक्षाएं, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण, मिलेट आधारित संतुलित आहार, सामाजिक सेवा, सिंधी लोकगीत एवं लोकनृत्य सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा समूह चर्चा, पिकनिक और प्रतिभा प्रदर्शन भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। शिविर में योग प्रशिक्षण डॉ. शिखा गुप्ता, सिंधी भाषा प्रशिक्षण रंजीता सचदेवा, व्यक्तित्व विकास एवं काउंसलिंग सत्र डॉ. नेहा आनंद और दिव्यांशी तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण जेकेडी वॉरियर्स के आलोक द्वारा दिया जाएगा। कला एवं शिल्प का प्रशिक्षण सविता और मनोरंजन गतिविधियों का संचालन उपासना करेंगी। कार्यक्रम संयोजिका बीना क्षत्री के निर्देशन में कोमल चांदानी, सुनीता तलरेजा, मोहिता चांदानी, सीमा तलरेजा, अशोक चांदवानी, राकेश भगवानी, रेनू साहित्य, गीता मंध्यान, वासदेव सचदेवा, ईश्वर चंद, मनोज पंजवानी, ज्योति संगवानी, प्रिया रंगलानी, भारती केसवानी, काजल अठवानी, अनुजा केसवानी, भाव्या राजपाल एवं कविता बदानी सहित अन्य कार्यकर्ता शिविर के संचालन में सहयोग कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

