कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क।दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रचंड जीत के बाद, नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ जोरों पर हैं। पहले यह कार्यक्रम 20 फरवरी को शाम 4:30 बजे रामलीला मैदान में आयोजित होने वाला था, लेकिन अब समय में बदलाव किया गया है। अब यह समारोह 20 फरवरी को सुबह 11 बजे होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, और अन्य प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है। समारोह में लगभग 30,000 लोग शामिल हो सकते हैं, जिसमें दिल्ली की जनता, विशेषकर झुग्गी बस्ती के लोग और महिलाएं, को प्राथमिकता दी जाएगी।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान में तैयारियाँ तेज़ी से चल रही हैं। यह वही मैदान है जहां से अरविंद केजरीवाल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। अब यही से बीजेपी 27 साल बाद वापसी करने जा रही है।
मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन 19 फरवरी को विधायक दल की बैठक में नेता का चयन किया जाएगा। इस बैठक में शपथ ग्रहण समारोह के विवरण पर भी चर्चा की जाएगी।