Search News

काठमांडू में नेपाल-भारत अधिकारियों की बैठक शुरू, व्यापार को सरल बनाने और अन्य मुद्दों पर होगी चर्चा

काठमांडू
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kanwhiz Times
  • Updated: April 10, 2025

कैनविज टाइम्स,अन्तर्राष्ट्रीय डेस्क। नेपाल और भारत के सीमा शुल्क अधिकारियों के बीच वाणिज्य संबंधी बैठक गुरुवार से काठमांडू में शुरू हो गई है। यह बैठक दो दिन तक चलेगी और इसका मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार को अधिक सुविधाजनक और सरल बनाना है, साथ ही अवैध व्यापार और राजस्व की चोरी को नियंत्रित करना है।

बैठक में दोनों देशों के बीच निर्यात व्यापार से संबंधित अग्रिम सूचना प्रदान करने, आयात-निर्यात किए जा रहे माल के कंटेनरों के लिए कार्गो ट्रैकिंग प्रणाली को अनिवार्य बनाने, और नेपाल से भारत के माध्यम से तीसरे देशों में होने वाले निर्यात तथा तीसरे देशों से भारत में होने वाले आयात की पूर्व सूचना देने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

नेपाल के सीमा शुल्क विभाग के सूचना अधिकारी नारायण प्रसाद रेग्मी के अनुसार, सीमा चौकियों पर आयातित और निर्यातित माल की गुणवत्ता जांचने के लिए गुणवत्ता और क्वारंटीन निरीक्षण प्रणाली को और मजबूत करने जैसे विषयों पर भी वार्ता होगी। इसके अलावा, भैरहवा और चांदनी-दोधारा में निर्माणाधीन एकीकृत जांच चौकियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने और नेपाल के उत्पादों के भारत में निर्यात के लिए गुणवत्ता प्रमाणन प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने पर भी चर्चा की जाएगी।

यह वार्ता नेपाल की ओर से सीमा शुल्क विभाग के महानिदेशक महेश भट्टराई और भारत की ओर से राजस्व खुफिया निदेशालय के महानिदेशक अभय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में हो रही है। भारतीय टीम में राजस्व खुफिया निदेशालय लखनऊ क्षेत्रीय इकाई के सहायक महानिदेशक, नेपाल में भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव तथा कोलकाता, पटना और लखनऊ सीमा शुल्क कार्यालयों के प्रमुख सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। नेपाल की टीम में वित्त मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, उद्योग, वाणिज्य और आपूर्ति मंत्रालय, खाद्य प्रौद्योगिकी और गुणवत्ता नियंत्रण विभाग, पशु और फसल संगरोध विभाग सहित अन्य एजेंसियों के उच्च पदस्थ अधिकारी भी भाग ले रहे हैं।

Breaking News:

Recent News: