कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को केरल में आयोजित एक ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान को दो टूक चेतावनी दी। उन्होंने कहा खून बहाने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। भारत की ताकत का दुनिया ने हाल ही में एक बार फिर अनुभव किया। सिर्फ 22 मिनट में हमने दुश्मन को झुका दिया। यह कार्यक्रम श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी की ऐतिहासिक मुलाकात की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। पीएम मोदी ने इस दौरान श्री नारायण गुरु को याद करते हुए उन्हें मानवता का प्रतीक बताया और कहा कि उनके सिद्धांत आज भी देश और समाज की सेवा करने वालों को प्रेरणा देते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भारत दुनिया पर निर्भर नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा, “रक्षा क्षेत्र में भारत की विदेशी निर्भरता लगातार कम हो रही है। आज हम खुद के लिए हथियार बना रहे हैं और निर्यात भी कर रहे हैं।” पीएम मोदी ने राष्ट्र की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि अब भारत किसी भी साजिश या हमले का जवाब देने में पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘शांति की पहल भारत करता है, लेकिन जवाब भी भारत अपने अंदाज में देता है।’ इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने भारत के आध्यात्मिक और सामाजिक मूल्यों की भी चर्चा की और श्री नारायण गुरु तथा गांधीजी की मुलाकात को भारतीय समाज के विकास में एक ऐतिहासिक क्षण बताया।
