कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
उत्तर भारत में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिल्ली-NCR में तेज बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही रविवार तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इधर, केरल में हालात गंभीर बने हुए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के तीन जिलों इडुक्की, मलप्पुरम और वायनाड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की वजह से इन जिलों के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है।इसके अलावा एर्नाकुलम, त्रिशूर और इडुक्की जैसे जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। सैकड़ों लोग विस्थापित होकर राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। तेज हवाओं और बारिश से पेड़ गिरने और होर्डिंग्स उड़ने की घटनाएं भी सामने आई हैं। विशेष रूप से चूरलमाला नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।