Search News

दिल्ली में दो दिन में दस्तक देगा मानसून, यूपी-पंजाब में भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित

22 जून तक दिल्ली पहुंचेगा मानसून, यूपी-बिहार में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित। बिजली गिरने से उत्तर प्रदेश में 12 की मौत, IMD ने उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में वर्षा का अलर्ट जारी किया।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: June 20, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क । 

दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने तेजी पकड़ ली है और अगले दो दिनों में इसके दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि 22 जून तक मानसून राजधानी दिल्ली में दस्तक दे सकता है। गुरुवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। विशेष रूप से सोनभद्र, चंदौली, मीरजापुर, प्रयागराज, देवरिया और गोरखपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। केवल उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने की घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में 20 से 25 जून के बीच वर्षा की संभावना जताई है। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की आठ उड़ानों पर मौसम के कारण असर पड़ा और उन्हें देर से रवाना किया गया। मौसम विभाग ने सभी प्रभावित राज्यों में अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Breaking News:

Recent News: