कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
पंजाब के पठानकोट जिले के नांगलपुर इलाके में भारतीय वायु सेना के एक अपाचे हेलिकॉप्टर ने अचानक इमरजेंसी लैंडिंग की, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हेलिकॉप्टर की इस आपात लैंडिंग के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। वायुसेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हेलिकॉप्टर को देखने के लिए भीड़ इकट्ठा हो गई। बताया जा रहा है कि यह हेलिकॉप्टर किसी मिशन पर नहीं था, लेकिन तकनीकी कारणों से लैंडिंग करनी पड़ी हो सकती है। यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 27 मई को भी सेना के दो हेलिकॉप्टरों की मध्य प्रदेश के गांव ढोटिया में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। दोनों हेलिकॉप्टर खेल स्टेडियम में करीब 20 मिनट रुके थे और फिर उड़ान भरकर रवाना हो गए थे। उस दौरान भी स्थानीय लोग सेना के हेलिकॉप्टरों को देखकर हैरान रह गए थे।
