कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
भीषण गर्मी से जूझ रहे देशवासियों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी दिनों में देश के कई हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान जताया है। विशेष रूप से उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पश्चिमी तटीय इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 19 से 22 जून तक के लिए कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, वहीं कुछ क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट भी घोषित किया गया है।
कहां-कहां हो सकती है बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा और झारखंड के लिए 19 और 20 जून को रेड अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में भी आज तेज बारिश के आसार हैं। 19 से 24 जून के बीच गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 19, 22 और 23 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, भारी बारिश की संभावना अभी कम है, लेकिन उमस से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने जिन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है, वहां के नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। विशेषकर ओडिशा और झारखंड में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। देशभर में बीते कई दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चल रहा था। इस बीच मानसून की सक्रियता से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।