कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
बिहारवासियों के लिए एक और बड़ी सौगात आने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह नई ट्रेन मुजफ्फरपुर-चंपारण रूट पर शुरू की जा रही है जो गोरखपुर से चलकर नरकटियागंज, बेतिया, मोतिहारी होते हुए मुजफ्फरपुर और फिर पटना पहुंचेगी। इस रूट पर वंदे भारत सेवा शुरू होने से यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही वैशाली से देवरिया तक 29 किलोमीटर की नई रेल लाइन पर भी सेवा की शुरुआत होगी। इस परियोजना के तहत पुल-पुलियों की मरम्मत पर 85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा मढ़ौरा, सारण स्थित लोकोमोटिव फैक्ट्री से गिनी गणराज्य को पहला इंजन निर्यात करने की भी योजना है। ये सभी योजनाएं करीब 400-400 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की जा रही हैं। पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी इन सभी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
