कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
सेक्टर-55 स्थित आनंद निकेतन वृद्धाश्रम में 39 बुजुर्गों के साथ अमानवीय व्यवहार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग महिला के हाथ बंधे होने का वीडियो सामने आने के बाद राज्य महिला आयोग ने तत्काल कार्रवाई की। आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन विभाग और महिला सुरक्षा टीम के साथ मौके पर जाकर वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि बुजुर्गों को नशीली दवाएं दी जाती थीं, उनके हाथ बांधकर रखे जाते थे, और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी नहीं मिल रही थीं। आश्रम बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था। आयोग ने सभी 39 बुजुर्गों को वहां से छुड़वाया और अगले पांच दिनों में सभी को अन्यत्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही वृद्धाश्रम को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तीन बुजुर्गों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले पर राज्य महिला आयोग ने लिखित रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी है।आश्रम प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिला। यह वृद्धाश्रम 'जनकल्याण ट्रस्ट' द्वारा संचालित आनंद निकेतन ओल्ड एज होम के नाम से चल रहा था।
